
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में घर से भागे एक प्रेमी जोड़े की कबरई पुलिस द्वारा मंगलवार शाम कोतवाली परिसर में शादी करवाने का मामला सामने आया है। । शादी समारोह में नगर पंचायत के अध्यक्ष मूलचन्द्र कुशवाहा के अलावा कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। नवविवाहित जोड़े को उपहार देकर धूमधाम से विदाई की गई।
कबरई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि लिलवाही गांव का युवक और बीला दक्षिण गांव की युवती अपने-अपने घर से 22 दिसंबर को भाग गए थे। इस मामले में युवती के पिता ने बहला-फुसलाकर भगाने की शिकायत दर्ज करवाई थी।
मंगलवार को दोनों को फतेहपुर जिले से बरामद करने के बाद मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। यहां दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने की जिद की। उन्होंने बताया, चूंकि दोनों बालिग हैं, इसलिए दोनों के परिवारवालों की सहमति से मंगलवार शाम कोतवाली परिसर में बने मंदिर में जयमाल डलवाकर शादी करवा दी गई है। नवविवाहित जोड़े को उपहार देकर धूमधाम से विदाई की गई है।
Source: International