ट्रांसपोर्टर नहीं भेज सके माल, लोग भी रहे परेशान

एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद : प्रशासन के आदेश पर शुक्रवार को इंटरनेट सेवा बंद होने की वजह से करीब 2 हजार परिवहन वाहनों का संचालन प्रभावित हुआ। जीएसटी पोर्टल से कारोबारियों का ई-वे बिल जेनरेट नहीं हो सका। माल भरने के बावजूद ट्रांसपोर्टर ट्रकों से दूसरे जनपदों और प्रदेशों तक माल नहीं भेज सके। वहीं, आम लोगों को भी कैब बुक करने, प्लास्टिक मनी से फ्यूल लेने और ऑन लाइन बैंक ट्रांजैक्शन करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। साइबर कैफे पर जरूरी काम कराने आए लोगों को दिनभर इधर-उधर भटकना पड़ा। परिवहन विभाग में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में भी लोगों को काफी परेशानी हुई। जिले में जुमे की नमाज के दौरान अफवाह फैलाने से रोकने के लिए प्रशासन ने गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार रात 10 बजे तक 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया था।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *