बिजनौर में बलवाईयों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज मामले की साथ-साथ होगी जांच

बिजनौर, 29 दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 20 दिसंबर को हिंसक प्रदर्शन में एक व्यक्ति की मौत के मामले में छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे की जांच और बलवाईयों के विरुद्ध दर्ज मामले की जांच साथ-साथ की जाएगी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विश्वजीत श्रीवास्तव ने रविवार को जानकारी दी कि 20 दिसंबर शुक्रवार को नमाज के बाद नहटौर मे हुए हिंसक प्रद्रशन में बलवाईयों की भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दारोगा आशीष तोमर का सर्विस पिस्टल छीन लिया था। पिस्टल वापस लेने के दौरान सुलेमान नामक युवक ने स्वाट टीम के सिपाही मोहित के पेट मे गोली मार दी थी। जवाब में मोहित ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जिससे सुलेमान घायल हो गया लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। इस हिंसा में एक अन्य युवक अनस की भीड़ में से चलाई गई गोली से मौत हो गयी थी। एसपी देहात ने बताया कि सुलेमान के भाई शोएब ने हिंसा के बाद हटाए गये थाना प्रभारी राजेश सोलंकी, दारोगा आशीष तोमर, स्वाट टीम के सिपाही मोहित एवं तीन अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है। उसने आरोप लगाया है कि ये सब सुलेमान को घर से ले गए और मदरसे के सामने वाली गली मे मोहित ने अन्य पुलिसकर्मियों के कहने पर सुलेमान की गोली मारकर हत्या कर दी। एसपी देहात ने बताया कि पूर्व में थाना नहटौर में बलवाईयो के खिलाफ जो रिपोर्ट दर्ज है उसी के साथ इस तहरीर को संलग्न करते हुए निष्पक्ष रूप से जांच की जायेगी।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *