डॉक्टरों को रास नहीं आया मुख्यमंत्री आरोग्य शिविर लगाने का निर्देश

प्रांतीय चिकित्सक सेवा संघ की जिला अध्यक्ष डॉ. दीपा त्यागी ने पत्र लिखकर जताया विरोध

एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद

लोगों के बेहतर हेल्थ के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर हर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य शिविर लगाने का निर्देश डॉक्टरों के संगठनों को रास नहीं आया। मंगलवार को प्रांतीय चिकित्सक सेवा संघ ने इसके विरोध में सीएमओ को पत्र दिया। संघ ने कहा कि डॉक्टर सप्ताह में 24 घंटे ड्यूटी करते हैं। उन्हें रविवार को ही छुट्टी मिलती है। ऐसे में अगर उन्हें इस दिन भी ड्यूटी पर आना होगा तो यह उचित नहीं है। सरकार ने फरवरी से हर रविवार को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह शिविर लगाने का निर्देश दिया है।

क्या है निर्देश

प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के सभी नागरिकों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि स्वास्थ्य सुविधाओं को उनके समीप पहुंचाया जाए। लोगों के स्वास्थ्य की मॉनीटरिंग, रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक करने के भी आदेश दिए हैं। सीएमओ एनके गुप्ता ने बताया कि उपचार का बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए रोगों को उनकी प्रारंभिक अवस्था में ही चिह्नित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से शिविर लगाने का निर्देश मिला है। विभाग इसकी तैयारियों में जुटा है।

बदलाव करने की मांग

संघ की जिला अध्यक्ष डॉ. दीपा त्यागी ने इस संबंध में सीएमओ पत्र लिखकर इस व्यवस्था के प्रति विरोध जताया है। पत्र में कहा गया है कि डॉक्टर पोस्टमॉर्टम, वीवीआईपी, वीआईपी और इमरजेंसी ड्यूटी के कारण अक्सर लगातार काम करते हैं। रविवार को भी किसी अभियान और मीटिंग के कारण उन्हें छुट्टी नहीं मिल पाती। अब शासन के नए निर्देशों से डॉक्टरों को सप्ताह में एक भी छुट्टी नहीं मिलेगी। इस व्यवस्था में उचित बदलाव करने की मांग की गई है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *