
एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद : इस साल में आयुष्मान लाभार्थियों को सरकारी अस्पतालों में ही न केवल आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी, बल्कि जिले के 70 हजार परिवारों को इस योजना का लाभ भी मिल सकता है। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान के लाभार्थियों को तलाशने का काम शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य कर्मियों को प्रति लाभार्थी 5 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। जिले में आयुष्मान योजना में 1 लाख 40 हजार परिवारों को लाभार्थी के रूप में चयनित किया गया था। इनमें से लगभग 15 हजार परिवार हापुड़ जिले के थे। गाजियाबाद में स्वास्थ्य विभाग लगभग 54 हजार लाभार्थियों का ही सत्यापन कर सका और करीब 70 हजार लाभार्थी परिवारों की जानकारी नहीं हो सकी। शासन ने इन 70 हजार परिवारों को एक बार फिर से तलाशने व उनका सत्यापन करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को सौंपी है। डेढ़ साल में 3 बार सत्यापन अभियान चल चुका है और अब चौथी बार अभियान चलेगा। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि अगर सभी चिह्नित लाभार्थी नहीं मिलते हैं तो उतने ही लाभार्थियों को योजना में जोड़ा जाएगा।
Source: International