
– आयुष्मान योजना की लाभार्थी होने के बाद भी चाइल्ड पीजीआई में मासूम को नहीं मिल रहा इलाज
– पिता का आरोप, राशन कार्ड न होने के चलते मासूम को अस्पताल में भर्ती नहीं कर रहे हैं डॉक्टर
एनबीटी न्यूज, नोएडा
केंद्र सरकार जहां आयुष्मान योजना के तहत गरीब मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में इस योजना की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। एक पिता आग से झुलसी अपनी बेटी का इलाज कराने के लिए 8 दिन से चाइल्ड पीजीआई के चक्कर लगा रहा है, लेकिन मासूम को अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा है। ऐसा तब है जबकि बच्ची के पिता के पास आयुष्मान योजना का कार्ड भी है।
निठारी निवासी श्रीकांत आग से गंभीर रूप से झुलसी अपनी 5 वर्षीय बेटी का इलाज करवाने अस्पताल पहुंचे थे। करीब 12 बजे जब श्रीकांत आयुष्मान काउंटर पर पहुंचे तो वहां कोई स्टाफ नहीं मिला। करीब एक घंटे के बाद एक कर्मचारी आया तो उसने कहा कि राशन कार्ड लेकर आओ तभी मरीज भर्ती हो पाएगा। श्रीकांत ने बताया कि उनके पास आयुष्मान योजना का कार्ड भी है। बावजूद इसके वह 8 दिन से अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी बेटी को इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि बच्ची का सीना और दाहिना हाथ पूरी तरह झुलस गया है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने के लिए कहा है, लेकिन चाइल्ड पीजीआई में बच्ची को भर्ती नहीं किया जा है। ऐसे में उसकी हालत और बिगड़ती जा रही है। इस पर चाइल्ड पीजीआई के निदेशक डॉ. डीके गुप्ता का कहना है कि आयुष्मान लाभार्थी का इलाज न किए जाने का आरोप गलत है। परिवार मरीज की डिटेल उपलब्ध कराए, बच्ची का तुरंत इलाज किया जाएगा।
Source: International