
2 तमंचे और 6 बाइकें बरामद, पुलिस ने बदमाशों को भेजा जेल
दिल्ली-एनसीआर से वाहन चुराकर मेरठ, बागपत और आसपास के इलाकों में बेचते थे
एनबीटी न्यूज लोनी : पुलिस ने मंगलवार रात ट्रॉनिका थाना एरिया के हरमपुर गांव के सामने सोनिया विहार पुश्ते पर इंटरस्टेट वाहन चोर गिरोह के 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया। हालांकि उनके 2 साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 तमंचे और चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस ने पूछताछ के बाद बदमाशों की निशानदेही पर खानपुर के पास खंडहर से 1 स्कूटी और 4 बाइकें भई बरामद कीं। बुधवार को बदमाशों को जेल भेज दिया गया।
डीएसपी राजकुमार पांडेय ने बताया कि पकड़े गए दिल्ली-एनसीआर में कई वाहन चुरा चुके हैं। ये नेटवर्क के जरिये वाहन चुराकर मेरठ, बागपत और आसपास के इलाकों में सस्ते दाम पर बेच देते थे। पुलिस पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य बदमाशों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान नवाब, अय्यूब और जफर के रूप में हुई है। उनके फरार साथियों के नाम आमिर उर्फ अमन और महेश है। महेश गैंग का सरगना है।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम रात करीब 11 बजे सोनिया विहार पुश्ते पर चेकिंग कर रही थी। तभी दो बाइक पर 5 युवक आते दिखे। टीम ने रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी 1 बाइक पर बैठे 3 युवकों को पकड़ लिया, जबकि दूसरी बाइक पर बैठे 2 युवक फरार हो गए।
Source: International