होटल मालिक सहित 3 के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश

एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद

लीज पर दिए होटल की शर्तों का उल्लंघन कर उसे जबरन खाली कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल मालिक एडवांस में दिए गए 26 लाख रुपये लौटाने से भी मना कर रहा है। कोर्ट ने 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

करहेड़ा निवासी अनिल सिंह ने कोर्ट में अर्जी दी है कि उन्होंने वसुंधरा स्थित प्रह्लादगढ़ी गढ़ी निवासी संजय शर्मा से 1 जून 2019 को एक साल की लीज पर होटल के लिए जमीन ली थी। एडवांस में 26 लाख रुपये दिए थे। 5 लाख रुपये महीना किराया तय हुआ था। शर्त थी कि संजय व उसके लोग होटल के किसी भी मामले में दखलअंदाजी ने करेंगे। आरोप है कि उन लोगों ने शर्तों का पालन नहीं किया, आए दिन होटल में आकर कर्मचारियों के साथ बदतमीजी करते रहे और जबरन होटल खाली करा लिया। एडवांस में दिए गए 26 लाख रुपये भी देने से मना कर दिया। मांगने पर जान से मारने की धमकी दी है।

कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई करते हुए इंदिरापुरम पुलिस को संजय शर्मा, अनुराग शर्मा, विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। साथ ही मामले की विवेचना करने के लिए भी आदेश दिया है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *