2 हजार रुपये नहीं देने पर युवक की आंख फोड़ी

एनबीटी न्यूज, ग्रेनो: शाहबेरी गांव में रहने वाले एक युवक को एक ठेकेदार से 2 हजार रुपये उधार लेना भारी पड़ा गया। तय समय पर रुपये नहीं लौटाने पर ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान डंडा लगने से युवक की आंख फूट गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने घटना के 10 दिन बाद केस दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बदायूं का रहने वाले जान मोहम्मद शाहबेरी में परिवार के साथ रहते हैं। करीब एक महीने पहले उन्होंने शाहबेरी में रहने वाले ठेकेदार मुमताज से 2 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि ठेकेदार रुपये न लौटाने पर पीड़ित को अपने यहां मजदूरी करने का दबाव बना रहा था। पीड़ित के इनकार करने पर उसने अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर जान मोहम्मद की बेरहमी से पिटाई कर दी। विरोध करने पर डंडा मारकर उसकी आंख फोड़ दी। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित इलाज कराने दिल्ली के एक अस्पताल चले गए। गुरुवार को पीड़ित ने फिर से बिसरख कोतवाली जाकर मामले की शिकायत की। कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *