ठंड के साथ प्रदूषण भी बेकाबू, 467 पर AQI

एनबीटी न्यूज, नोएडा, ग्रेनो

कोहरे और शीतलहर के चलते जहां ठंड लगातार बढ़ रही है, वहीं प्रदूषण का ग्राफ भी ऊपर जा रहा है। शुक्रवार को नोएडा का एक्यूआई 467 तो ग्रेटर नोएडा का 436 दर्ज किया गया। दिन में थोड़ी देर धूप जरूर खिली लेकिन उसके बाद चली बफीर्ली हवा ने ठंड और बढ़ा दी। सुबह कोहरा होने से विजिबिलिटी काफी कम रही। ऐसे में सड़कों पर वाहन कम दिखाई दिए। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

इस बार दिसंबर माह में पड़ी ठंड ने पिछले कई रेकॉर्ड तोड़ दिए हैं। घने कोहरे के चलते सूर्य देव के दर्शन न हो पा रहे हैं। जिससे लोग परेशान हैं। ठंड के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। तापमान में गिरावट इस कदर है कि लोग दिनभर ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। वहीं, तेज हवा न चलने की वजह से प्रदूषण स्तर में भी कमी नही हो रही है। ऐसे में शहरवासी ठंड के साथ जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं।

भूकंप ने डराया

शुक्रवार दोपहर अचानक से आए भूकंप के झटकों ने लोगों को डरा दिया। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का हिंदुकुश क्षेत्र था लेकिन नोएडा में भी तेज झटके महसूस हुए। हालांकि कहीं किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले लोग कुछ समय के लिए भयभीत हो गए थे। इस दौरान दफ्तरों से भी लोग बाहर निकल आए। करीब एक घंटे तक डर का माहौल बना रहा।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *