19 से 25 साल के युवकों ने बिगाड़ा माहौल, 800 पर FIR, 20 गिरफ्तार

एक संवाददाता, बुलंदशहर

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध में शुक्रवार को हुई हिंसात्मक घटना में 800 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। 20 युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 24 उपद्रवियों की शिनाख्त कर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विडियो और फोटो से पुलिस को पता चला कि पत्थरबाजी और आगजनी करने वालों की उम्र 19 से 25 साल के बीच है। हंगामे की वजह से शनिवार को भी इलाके में इंटरनेट सेवा बाधित रही। इन सबके बीच पुलिस की स्थानीय खुफिया यूनिट (LIU) पूरी तरह से बिफल रही। एलआईयू ने शुक्रवार को नमाज के दौरान करीब ढाई सौ की भीड़ जुटने की सूचना दी थी, लेकिन 2500 से ज्यादा की भीड़ पहुंच गई। इसकी वजह से सुरक्षा में तैनात चंद पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा था।

एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पत्थरबाजी कर रहे उपद्रवियों की उम्र 19 से 25 साल के बीच आंकी गई है। हमारे पास ऐसे कई उपद्रवियों के विडियो हैं, जिसकी मदद से पहचान कराई जा रही है। सूत्रों के अनुसार हिंसात्मक घटना के बाद पुलिस के निशाने पर कई मुस्लिम नेता और मौलवी भी हैं। हंगामे के बीच डीएम और एसएसपी धर्मगुरुओं को कॉल करते रहे, लेकिन उन्होंने बात करने की जहमत नहीं उठाई। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 800 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पत्थरबाजी के साथ पुलिस पर फायरिंग का भी केस दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि इलाके में फिलहाल शांति है। उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *