
एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद
पिछले एक सप्ताह से चल रहा विद्युत कर्मियों का आंदोलन अगले 10 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय सोमवार शाम चीफ इंजीनियर के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया। चीफ इंजीनियर ने पुलिस को कार्रवाई के लिए 10 दिन का इंतजार करने को कहा था, जिसके बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया।
संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक प्रभात सिंह ने बताया कि लगातार 7 दिनों तक धरना प्रदर्शन के बाद अपनी मांगों को लेकर सोमवार को चीफ इंजीनियर के साथ बैठक की गई। पिछले सात दिनों में समिति की ओर से डीएम, एसएसपी और एडीजी को ज्ञापन दिया गया। सभी ने आरोपितों की गिरफ्तारी और रासुका के तहत कार्रवाई का आश्वासन दिया था। पिछले कुछ दिनों से देश भर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के कारण पुलिस को विद्युत अधिकारियों से मारपीट के मामले में कार्रवाई करने का समय नहीं मिल सका। बैठक में चीफ इंजीनियर की ओर से आंदोलन को स्थगित करने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आरोपितों पर रासुका के तहत कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है, लेकिन इसके लिए कुछ दिनों का समय दिए जाने को कहा है। प्रभात सिंह ने बताया कि चीफ इंजीनियर के आश्वासन के बाद समिति ने अपनी पूर्व घोषित हड़ताल और आंदोलन को स्थगित कर दिया है। यदि 10 दिनों में मारपीट के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती है और उनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई नहीं की जाती है तो आंदोलन पहले से ज्यादा प्रभावी ढंग से शुरू किया जाएगा। बैठक में एसडीओ और जेई मौजूद रहे।
Source: International