बेटे संग पत्नी जा रही चेन्नै, इंजीनियर ने कोर्ट से लगाई गुहार

एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद

बच्चे का वारिसाना हक दिलाने के लिए एक इंजीनियर ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। इंजीनियर का आरोप है कि उसकी पत्नी बच्चे को साथ लेकर चेन्नै जाना चाहती है, मगर वह बच्चे को अपने साथ रखना चाहता है। कोर्ट ने अर्जी स्वीकार कर ली है।

जानकारी के अनुसार नोएडा स्थित मल्टीनैशनल कंपनी में नौकरी करने वाले इंजीनियर की मुलाकात साल 2012 में कंपनी में ही कार्यरत एमबीए पास युवती से हुई। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली और क्रॉसिंग रिपब्लिक में फ्लैट लेकर रहने लगे। शादी के बाद वर्ष 2015 में एक बेटा हुआ। इसके बाद महिला इंजीनियर पति पर शक करने लगी। दोनों के बीच तकरार होने लगी। जनवरी 2019 में दोनों अलग रहने लगे। महिला ने इंजीनियर पति के खिलाफ बच्चे की पढ़ाई और भरण पोषण दिलाए जाने का मुकदमा कोर्ट में दायर कर रखा है।

महिला को चेन्नै में जॉब मिल गई है और अब वह बच्चे को अपने साथ लेकर जाना चाहती है। पति ने कोर्ट में अर्जी दाखिल करके गुहार लगाई है कि बच्चे का वारिसाना हक उसे दिलाया जाए और बच्चे को चेन्नै ले जाने पर रोक लगाई जाए। महिला का कहना है कि वह अपने बेटे को किसी भी हाल में पति के हवाले नहीं कर सकती है।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *