सड़कों पर मनचलों-लुटेरों का राज, महिला कर्मचारी बन रहीं शिकार

एनबीटी न्यूज, गाजियाबाद

बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटें 3 महीने से खराब पड़ी हैं। जिससे यहां कार्यरत महिलाओं को परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। आए दिन वे मनचलों-स्नैचरों का शिकार बन रही हैं, लेकिन परिवार के डर से शिकायत तक दर्ज नहीं करा पा रही हैं। गाजियाबाद इंडस्ट्रियल फेडरेशन कई बार इसकी शिकायत नगर निगम से कर चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में 400 से अधिक इकाई हैं। इनमें करीब साढ़े 3 हजार महिलाएं कार्यरत हैं। क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट पिछले 3 महीने से खराब हैं। शाम ढलते ही औद्योगिक क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है। आरटीओ ऑफिस के पास शराब ठेका है, जिसके पास शाम ढलते ही शराब पीने वालों का जमावड़ा लगता है। ड्यूटी समाप्त करने के बाद जब महिला कर्मी घर के लिए निकलती हैं तो उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि कई बार मनचले उनके साथ छेड़खानी भी करते हैं। लाइट खराब होने की वजह से लूटपाट की घटना का भी शिकार होना पड़ता है। महिला कर्मचारियों ने बताया कि स्नैचिंग, लूट और मनचलों की हरकतों का शिकार होने के बाद भी वह पुलिस के पास शिकायत दर्ज करा पाने की हिम्मत नहीं जुटा पाती हैं, क्योंकि मामला बढ़ने पर परिवार परेशान होगा और वह जॉब नहीं कर सकेंगी। इसके साथ ही समाज में भी उन्हीं पर अंगुली उठाई जाएगी। इस वजह से वह चुप रह जाती हैं।

इस संबंध में गाजियाबाद इंडस्ट्रियल फेडरेशन के महासचिव अनिल गुप्ता ने बताया कि स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के लिए कई बार नगर निगम से शिकायत कर चुके हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं की गई। साथ ही महिला सुरक्षा के संबंध में एसएसपी को भी पत्र देकर अवगत करा चुके हैं।

Source: International

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *